22 नवंबर 2014 - 19:20
 इराक़ में आतंकियों को भारी पराजय

इराक़ के अलबू फ़हद क़बीले के सरदार राफ़े अब्दुल करीम फ़हदावी ने शनिवार को बताया कि सुरक्षा बल पूर्वी रूमादी के सिजारिया क्षेत्र में प्रविष्ट हो गये हैं।

इराक़ के अलबू फ़हद क़बीले के सरदार राफ़े अब्दुल करीम फ़हदावी ने शनिवार को बताया कि सुरक्षा बल पूर्वी रूमादी के सिजारिया क्षेत्र में प्रविष्ट हो गये हैं।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, इस कार्यवाही में आईएसआईएल के चार स्नाइपर मारे गये जबकि इराक़ी वायु सेना आतंकवादियों के ठिकानों पर निरंतर बमबारी कर रही है। फ़हदावी ने सूमरिया न्यूज़ एजेन्सी से बात करते हुए कहा कि सुरक्षा बल रूमादी सिटी के पूर्व में सिजारिया क्षेत्र में प्रविष्ट हो गये हैं जिसके दौरान होने वाली भीषण झड़पों में आईएसआईएल के चार स्नाइपर मारे गये।
उधर अंबार प्रांत के सैन्य कमान्डर ब्रिगेडियर जनरल काज़िम फ़हदावी का कहना है कि सेना ने रेमादी सिटी में आईएसआईएल के आतंकियों का एक बड़ा हमला विफल बना दिया जिसके दौरान दर्जनों आतंकियों के मारे जाने की सूचना है। इससे पूर्व अलबू फ़हद क़बीले के सरदार ने बताया था कि सिजारिया क्षेत्र की स्वतंत्रता के लिए अभियान आरंभ हो गया है जिसके दौरान आतंकियों और सेना के मध्य भीषण झड़पें हो रही है। उनका कहना था कि फ़हदावी क़बीले के बहुत से जवान लापता हैं और आशंका इस बात की है कि आईएसआईएल ने उनकी हत्या कर दी है।
उधर इराक़ी सेना और स्वयंसेवियों ने दक्षिणी सामर्रा से आतंकवादियों को खदेड़ दिया है और बग़दाद-सामर्रा राजमार्ग पर नियंत्रण कर लिया है। अलआलम टीवी चैनल के रिपोर्ट ने बताया है कि सेना और स्वयंसेवियों ने दक्षिणी सामर्रा से आतंकियों को खदेड़ दिया है और अब वे सैयद ग़रीब नामक क्षेत्र को स्वतंत्र कराने के लिए आगे बढ़ रहे हैं। दूसरी ओर दुजैल क़स्बे के प्रमुख मुहम्मद हसन दुजैली ने बताया कि सुरक्षा बलों ने दुजैल क़स्बे के उत्तर में स्थित सैयद ग़रीब नामक पुल पर नियंत्रण कर लिया है जिसके दौरान होने वाली झड़पों में दर्जनों आतंकी मारे गये। उनका कहना था कि आईएसआईएल के आतंकियों के शवों से सड़कें पटी हुई हैं।